मुस्करा, हमीरपुर। कस्बे के प्रसिद्ध मां कालका देवी मंदिर में नाती का मुंडन संस्कार कराने आए परिवार की खुशियों के बीच सड़क हादसे से अफरा-तफरी मच गई। बसवारी के पास बाइक फिसलने से दो रिश्तेदार घायल हो गए। दोनों को डायल 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया।
जानकारी के अनुसार, राठ के सिकंदरपुरा निवासी फूलचंद अपने नाती का मुंडन संस्कार कराने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मां कालका देवी मंदिर आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उनके दामाद दीपू पुत्र चेतराम(40) निवासी जराखर और भांजा श्रीकांत पुत्र जवाहर (30) निवासी धगवां भी आए थे। कार्यक्रम के बाद दोनों बाइक से मुस्करा घूमने निकल गए। इसी दौरान बसवारी के पास सड़क पर उनकी बाइक फिसल गई, जिससे दोनों घायल हो गए। बताया गया कि दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था।
राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी मुस्करा पहुंचाया। यहां चिकित्सक शिवजी गुप्ता ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक सवार नशे की हालत में थे। हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचे फूलचंद ने बताया कि दोनों को होश आने के बाद वह उन्हें अपने घर ले जाएंगे।