राठ हमीरपुर – राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को राठ में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11:30 बजे काजीपुरा की पुलिया से कार्यकर्ता ज्ञानेश कुमार का पुतला लेकर नारेबाजी करते हुए अंबेडकर चौराहे की ओर रवाना हुए।चोपरा गेट के पास कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला कब्जे में लेने की कोशिश की तो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इससे कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी रही। राठ सीओ राजीव प्रताप सिंह,राठ कोतवाल अनूप सिंह और पुलिस बल ने पुतला कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार्यकर्ता बजरइया तोप चौराहे पहुंचे, जहां उन्होंने दूसरा पुतला जलाया। बाद में अंबेडकर चौराहे पर प्रदर्शन समाप्त किया गया।
सपा नगर अध्यक्ष मैराज राईन ने कहा, “ज्ञानेश कुमार वोट चोर हैं और भाजपा की कठपुतली हैं, इन्हें इस्तीफा देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।
प्रदर्शन में युवजन सभा जिलाध्यक्ष मान सिंह यादव, विधानसभा अध्यक्ष गोकुल राजपूत, महिला सभा जिलाध्यक्ष नीलम यादव, हेमंत राजपूत, मानवेन्द्र यादव, राजेंद्र यादव, अखिलेश अहिरवार, जितेंद्र चौबे, अवधेश, दीपक, मीरा यादव, सिराज उर्फ बल्लू महेश और शिव राजपूत समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।