Spread the love

हमीरपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत जनपद हमीरपुर में जिला स्तरीय विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति कलश यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अंबेडकर पार्क में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य आतिथ्य उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष (राज्य मंत्री स्तर) कमलावती सिंह ने किया। इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजकिशोर गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, मंडल एवं जिला पदाधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण

कार्यक्रम के दौरान अंबेडकर पार्क में लगाई गई बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री जी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती कमलावती सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में हर घर नल योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित किसानों, युवाओं एवं महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। पिछले वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों ने जनजीवन को बेहतर बनाने के साथ ही आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की दिशा में नई संभावनाएं पैदा की हैं।इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को विकसित भारत संकल्प की शपथ दिलायी गयी एवं वंदेमातरम् गीत का सामूहिक गायन किया गया।

अंबेडकर पार्क से गांधी पार्क तक निकली सेवा ज्योति कलश यात्रा

विकसित भारत संकल्प सभा के पश्चात सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ अंबेडकर पार्क से किया गया। जनसहभागिता के साथ निकली यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गांधी पार्क पहुंची। यात्रा के दौरान लोगों में उत्साह एवं सहभागिता का वातावरण रहा गांधी पार्क पहुंचने पर महात्मा गांधी जी की प्रतिमा के समीप सेवा ज्योति कलश की स्थापना की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अन्य लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचारों एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए सेवा, जनकल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।इसके पश्चात सेवा ज्योति कलश यात्रा स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्राउंड पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन किया गया।

आकर्षक रंगोली ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा

स्पोर्ट्स स्टेडियम ग्राउंड में विशेष रूप से बनाई गई आकर्षक रंगोली ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा रंगोली का अवलोकन किया गया तथा उसकी सराहना की गई। रंगोली के माध्यम से सेवा, विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, जनसहभागिता एवं विकसित भारत के संकल्प की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी इस मौके पर माननीय विधायक सदर डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर अंबेडकर पार्क और स्टेडियम में एकत्र होकर प्रधानमंत्री जी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी के संबोधन को सुना गया। विधायक जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी द्वारा जलाई गई विकास और सेवा की ज्योति पूरे देश को प्रेरित कर रही है, और ईश्वर से उनके दीर्घायु व सफल नेतृत्व की प्रार्थना की। उन्होंने स्टेडियम में बच्चों द्वारा बनाई गई शानदार रंगोली और उसके माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं (जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना आदि) के प्रदर्शन की सराहना की तथा सभी बच्चों को बधाई दी कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, जनसहभागिता एवं विकसित भारत के संकल्प की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *