भरुआ सुमेरपुर। करीब एक वर्ष पूर्व कस्बे के स्टेशन मार्ग में लक्ष्मीबाई तिराहा के समीप नगर पंचायत द्वारा बनाई गई पुलिया का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने से घटिया निर्माण की कलई खुल गई है।
स्टेशन मार्ग निवासी सपा नेता नंदकिशोर शिवहरे, रिक्शा चालक धीरू यादव, गुड्डू गुप्ता, अरविंद पाण्डेय, लल्लू प्रजापति, सुशील पाल, भोला, इमरान आदि ने बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व नगर पंचायत ने करीब दस लाख की लागत से पुलिया एवं इसके एप्रोच मार्ग का निर्माण कराया था। घटिया निर्माण कराए जाने से इस पुलिया का एप्रोच मार्ग एक वर्ष में क्षतिग्रस्त होने लगा है। रिक्शा चालकों का कहना है कि एप्रोच मार्ग के क्षतिग्रस्त होने से ई रिक्शों के पलटने की संभावना बढ़ने लगी है। मजबूरी में रिक्शों को धीमी गति से निकलना पड़ रहा है। एक साल में ही निर्माण कार्य ध्वस्त होने से नगर पंचायत के भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है। नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य ने बताया कि पुलिया का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त हुआ है उसका कल मरम्मतीकरण का कार्य कराया जाएगा। वह जांच कराकर ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे। घटिया कार्य कराए जाने पर ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड भी किया जाएगा।
