राठ (हमीरपुर)। राष्ट्रीय स्वर्णकार राजनीतिक भागीदारी मंच ने स्वर्णकार समाज और सर्राफा व्यवसाय से जुड़े कारीगरों, व्यापारियों तथा उनके परिवारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार राठ के माध्यम से भेजा।
मंच के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर पहुंचकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि स्वर्णकार समाज लंबे समय से सामाजिक, आर्थिक और व्यावसायिक समस्याओं के समाधान की उम्मीद शासन से करता आ रहा है। जनहित और समाजहित को ध्यान में रखते हुए इन समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। मंच ने मध्य प्रदेश और पंजाब की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी स्वर्ण कला बोर्ड का गठन करने की मांग की। कहा गया कि बोर्ड के माध्यम से स्वर्णकार कारीगरों और इस व्यवसाय से जुड़े लोगों के हितों के संरक्षण के साथ उनके विकास के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकेंगी।इसके अलावा स्वर्णकारों के लिए पूर्व में प्रचलित व्यवस्था के अनुरूप साहूकारी (मनी लेंडिंग) लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया दोबारा लागू करने की मांग की गई। ताकि पात्र सर्राफा व्यवसायी नियमानुसार अपना कारोबार संचालित कर सकें। सुरक्षा की दृष्टि से स्वर्णकारों को शस्त्र लाइसेंस जारी करने में प्राथमिकता देने की भी मांग उठाई गई। ज्ञापन में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत सर्राफा व्यवसायियों और कारीगरों को स्वर्ण तथा रजत धातु के रूप में सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई। साथ ही लूट, चोरी, हत्या और उचक्कागिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने तथा ऐसी घटनाओं में पीड़ित स्वर्णकार व्यापारियों और उनके आश्रित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता, सुरक्षा और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की मांग की गई। इस दौरान बृजेन्द्र सोनी उर्फ भोले, पंकज सोनी, बृजभूषण दाऊ सहित बड़ी संख्या में मंच के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के लोग मौजूद रहे।
