Spread the love

हमीरपुर। कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर बुधवार शाम एक और दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन लोगों की जान ले ली। सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव स्थित बजरंगबली मंदिर के पास महोबा डिपो की उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस और डीजल टैंकर की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में बस चालक, टैंकर चालक और एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और टैंकर के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों तथा प्रशासनिक अमला ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल, सीओ सदर, पुलिस बल और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।दुर्घटना में महोबा निवासी रोडवेज बस चालक निसार तथा महोबा निवासी 65 वर्षीय नंदकिशोर नायक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर और जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल बस परिचालक ने बताया कि महोबा डिपो की बस हमीरपुर से महोबा जा रही थी और उसमें करीब 24 से 25 यात्री सवार थे। वह यात्रियों के टिकट काट रहा था, तभी कुंडौरा गांव के पास सामने से आ रहे डीजल टैंकर से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की चपेट में एक चारपहिया वाहन भी आ गया, जिससे दुर्घटना और गंभीर हो गई। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराने का कार्य शुरू कराया।वहीं पुलिस अधीक्षक तथा जिलाधिकारी ने भी अस्पताल तथा घटना स्थल पर पहुंच घायलों का हालचाल लिया तथा हर संभव मदद का आश्वासन दे बचाव कार्य और घायलों के इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिये।सुमेरपुर थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में दो चालकों समेत तीन लोगों की मौत हुई है तथा 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही रोडवेज के एआरएम आर.पी. साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस महोबा डिपो की थी। विभाग की ओर से घायलों के उपचार और यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है तथा हादसे की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।गौरतलब है कि कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर स्थानीय लोग लंबे समय से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और दुर्घटना संभावित स्थलों पर प्रभावी सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *