राठ (हमीरपुर)। नगर के गुलाब गार्डन में एजुकेशन चाइल्ड केयर सोसाइटी के सौजन्य से मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त इंजीनियर देवपाल, कार्यक्रम अध्यक्ष शिवराम बाबू तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. रामनारायन ने संयुक्त रूप से महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
संस्था के सचिव धर्मेंद्र कुमार ने सोसाइटी के उद्देश्यों, समाज के प्रति उसकी सेवाओं तथा मेधावी छात्र सम्मान समारोह की प्रेरणा पर प्रकाश डाला। कोषाध्यक्ष हरिकिशन सहित अन्य वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और उच्च शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में वंचित समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर जयप्रकाश, दशाराम, सतबीर सिंह लक्की, दिलीप, मनीराम पासवान, वीर बहादुर, राघवेन्द्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र कुमार ने किया।
