राठ (हमीरपुर)। भारतीय सेना में गौरवपूर्ण सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त होकर गृह जनपद लौटे सूबेदार धर्मेन्द्र कुमार त्रिपाठी का रविवार को राठ नगर से लेकर उनके पैतृक गांव लींगा तक भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जगह-जगह नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और पूर्व सैनिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर राष्ट्रसेवा के प्रति सम्मान व्यक्त किया। राठ आगमन पर सूबेदार धर्मेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने नगर भ्रमण कर महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं चित्रों पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने स्वामी ब्रह्मानंद जी की समाधि पर पहुंचकर देश की सुख-समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की। राठ से पैतृक गांव लींगा गांव के लिए रवाना होने के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी ने पुष्पमालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया तथा भारतीय सेना में उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान एक दर्जन से अधिक पूर्व सैनिकों ने भी अपने साथी का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। ग्राम लींगा पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों का त्याग और समर्पण पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। समारोह में ग्रामीणों ने उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रसेवा के लिए आभार व्यक्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सेवानिवृत्त सैनिक के सम्मान में आयोजित यह समारोह क्षेत्रवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बन गया।
