राठ (हमीरपुर)। जरिया थाना क्षेत्र के पहरा गांव स्थित सिद्ध बाबा आश्रम मंदिर में चल रहे यज्ञ के दौरान बीती मंगलवार शाम बच्चों के बीच हुई कहासुनी के बाद दर्जनभर लोग लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ पहुंचे और यज्ञ समिति के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने छह नामजद समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पहरा में विगत 22 जुलाई से यज्ञ चल रहा था। जिसका बीते दिन मंगलवार को पूर्णाहुति के बाद भंडारे की तैयारी की जा रही थी, जबकि बुधवार को कन्या भोज होना था। इसी दौरान मंदिर परिसर में बच्चों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायतकर्ता पक्ष का आरोप है कि विवाद के कुछ देर बाद गांव के बिच्छू गैंग के सदस्य व हिस्ट्रीलासीटर नीलू उर्फ़ नीलेश के साथ अरविंद, विक्रम , राहुल, मंगल, नवल समेत छह अन्य लोग मौके पर पहुंचे और यज्ञ समिति के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना में कमल, पवन, राहुल, आकाश, उदयभान, कपिल, प्रदीप और नरेश घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल कमल (20)को उरई मेडिकल कॉलेज से झांसी रेफर किया गया, जबकि पवन (27) का उपचार उरई मेडिकल कॉलेज चल रहा है। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जरिया थाने पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। जरिया थानाध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि पहरा गांव निवासी अशोक पुत्र रामकृपाल की तहरीर पर अरविंद, विक्रम, नीलू, राहुल, मंगल और नवल समेत छह नामजद तथा छह अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।जरिया थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है।
