राठ (हमीरपुर)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर चिल्ली गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह ड्यूटी के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चिल्ली गांव निवासी महेश कुमार (46) पुत्र दुलीचंद जरिया थाना क्षेत्र के तुरना गांव में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। जो बीती शनिवार की शाम ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक से अपने गांव चिल्ली लौट रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची राठ कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक हुई घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपनी पत्नी उर्मिला, इकलौते पुत्र आयुष कुमार और तीन बेटियों दीपाली, नम्रता व प्रियांजली को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया हैं। घटना के संबंध में राठ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के प्रयास कर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
