राठ (हमीरपुर)। राठ तहसील क्षेत्र के धनौरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की दाल में कथित रूप से कीड़े मिलने के बाद ग्रामीणों, अभिभावकों और छात्रों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी की मौजूदगी में प्रधानाध्यापिका के खिलाफ जांच व कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्चों को गुणवत्ताहीन भोजन परोसा जा रहा है। छात्रों ने भी शिकायत की कि उन्हें गंदा खाना मिलता है और विरोध करने पर डांटा जाता है। ग्राम प्रधान तेज प्रताप सिंह, सत्येंद्र कुमार और वीरेंद्र सिंह राजपूत समेत ग्रामीणों ने बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।विद्यालय की रसोइया रुखसाना ने आरोप लगाया कि प्रधानाध्यापिका खराब गुणवत्ता की दाल लेकर आई थीं। दाल में कीड़े और सुंडी होने के कारण उसने खाना बनाने से मना किया, लेकिन प्रधानाध्यापिका ने डांट-फटकार कर जबरन भोजन बनवाया। सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश त्रिपाठी ने बताया कि पूरे मामले से बेसिक शिक्षा अधिकारी को अवगत करा दिया गया है। प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
