Spread the love

हमीरपुर। मानव तस्करी की रोकथाम और बाल श्रम उन्मूलन के उद्देश्य से जिले में संचालित 15 दिवसीय “ऑपरेशन रक्षा” के तहत बुधवार को पुलिस एवं विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। अभियान के दौरान होटल, ढाबों, मोटर गैराज, मिठाई की दुकानों, ब्यूटी पार्लरों समेत कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिसमें चार बाल श्रमिकों को रेस्क्यू कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन एवं पुलिस अधीक्षक हमीरपुर के निर्देशन में चलाए गए अभियान में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), चाइल्ड हेल्पलाइन, श्रम विभाग, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बाल संरक्षण इकाई एवं किशोर न्याय बोर्ड की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने सुभाष बाजार, दीक्षित चौराहा, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज क्षेत्र तथा पेट्रोल पंप के आसपास स्थित दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आमजन एवं व्यापारियों को मानव तस्करी, बाल श्रम, जहरखुरानी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, 181 एवं 1076 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई। अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने, अज्ञात व्यक्तियों से किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री या अन्य वस्तु स्वीकार न करने तथा बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की सलाह भी दी गई। अभियान के दौरान चार बाल श्रमिकों को रेस्क्यू कर संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों को 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से किसी भी प्रकार का श्रम न कराने की सख्त चेतावनी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में बाल श्रम पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में एएचटीयू पुलिस, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, बाल कल्याण समिति, वन स्टॉप सेंटर, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन, बाल संरक्षण इकाई एवं किशोर न्याय बोर्ड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *