मुस्करा (हमीरपुर)। मुस्करा विकासखंड के गुंदेला गाँव में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ लिलहरा नाले के पास टूटकर गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से तीन भैंसों और एक अज्ञात गाय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है जानकारी के अनुसार, गुंदेला निवासी मानसिंह पुत्र प्रभुदयाल यादव रोज की तरह अपने मवेशियों को चराने के लिए गए थे। लिलहरा नाले के पास उनकी दो भैंसे, एक पाड़िया और पास ही में चर रही एक अज्ञात गाय अचानक वहाँ जमीन पर टूटे पड़े हाईवोल्टेज (11KV) लाइन के तार की चपेट में आ गईं।
तार में करंट चालू होने के कारण चारों मवेशियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और करंट के जोरदार झटके से चारों ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन जर्जर होने के कारण अक्सर तार टूटते रहते हैं, लेकिन विभाग इस पर ध्यान नहीं देता। इस लापरवाही के कारण पीड़ित मानसिंह के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
