Spread the love

हमीरपुर। डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में राजस्व, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी तहसीलों में शीर्ष बकायेदारों की सूची तैयार कर प्रभावी वसूली अभियान चलाया जाए। तीन माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा सम्पूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर आमजन को अनावश्यक रूप से भ्रमित न किया जाए।
बैठक में ऑडिट आपत्तियों के शीघ्र निस्तारण, कृषक दुर्घटना बीमा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अधिकारियों द्वारा अधीनस्थों से प्राप्त रिपोर्टों पर केवल औपचारिक कार्रवाई न की जाए, बल्कि स्वयं भी तथ्यों का परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने ग्राम सभा की भूमि, आवासीय पट्टों एवं भूमि विवादों से संबंधित मामलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। किसी भी व्यक्ति द्वारा दूसरे की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्यवाही करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में अभिलेखागार, रिकॉर्ड रूम, कंप्यूटर कक्ष, इंटरनेट सुविधा, सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली एवं कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक शौचालय, पर्याप्त फर्नीचर तथा कार्यालयों में बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।बैठक में चकबंदी, न्यायिक प्रकरणों तथा निर्वाचन संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश कुमार, डिप्टी कलेक्टर के.डी. शर्मा, जनपद की समस्त तहसीलों के उप जिलाधिकारी, तहसीलदारगण, कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *