हमीरपुर। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून 2026) के उपलक्ष्य में जनपद में सोमवार को योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह के दौरान जिले भर में योगाभ्यास, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Aging)” रखी गई है। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः 6 बजे आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निरेन्द्र बहादुर सिंह ने महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संरक्षण, तनावमुक्त जीवन और बेहतर जीवनशैली के लिए नियमित योगाभ्यास को आवश्यक बताया तथा नागरिकों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. बृजेश कश्यप, योग सहायक अमित कुमार बाथम एवं उनकी टीम ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। योगाभ्यास के उपरांत जनजागरूकता के उद्देश्य से एक विशाल योग रैली निकाली गई। सदर विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष के नेतृत्व में निकली यह रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट गेट, अकिल तिराहा, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रमेडी तिराहा और जेल रोड होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से नागरिकों को योग के महत्व एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रवीन्द्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सुजीत कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. छन्दीलाल सहित आयुष विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। योग सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष गतिविधियों का आयोजन कर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
