Spread the love

राठ हमीरपुर – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) राठ में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। सीएचसी राठ के अधीक्षक एवं अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुमार यादव ने बताया कि कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की समस्त आवश्यक एएनसी (ANC) जांचें कराई गईं। इनमें वजन, हीमोग्लोबिन (Hb), रैंडम ब्लड शुगर (RBS), ट्रिपल मार्कर टेस्ट, वीडीआरएल (VDRL), यूरिन जांच, ब्लड ग्रुप सहित अन्य रक्त परीक्षण शामिल रहे। कुल 126 गर्भवती महिलाओं की रक्त संबंधी जांचें की गईं, जबकि 83 महिलाओं की अल्ट्रासोनोग्राफी (USG) कराई गई। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, आयरन, फोलिक एसिड एवं कैल्शियम की दवाओं का नियमित सेवन करने तथा योग और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही मातृ एवं गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। डॉ. यादव ने बताया कि नियमित एएनसी जांचों के माध्यम से एनीमिया, गर्भावधि मधुमेह, उच्च रक्तचाप, उच्च जोखिम गर्भावस्था और भ्रूण विकास संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उपचार संभव हो पाता है। इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को समय पर जांच कराने तथा सरकारी अस्पतालों में सुरक्षित प्रसव कराने के लिए जागरूक किया। सभी जांचें एवं स्वास्थ्य सेवाएं पूर्णतः निःशुल्क प्रदान की गईं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को आयरन, फोलिक एसिड एवं कैल्शियम की दवाओं का भी वितरण किया गया। डॉ. अरविंद कुमार यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस प्रत्येक माह की 1, 9, 16 एवं 24 तारीख को आयोजित किया जाता है, जिसके तहत गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क मातृ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इस अवसर पर डॉ. शिवानी राजपूत, स्टाफ नर्स निधि, रीमा, आरती, विनय, वी.एन. नगर, पवन, गणेश सहित अस्पताल स्टाफ एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *