हमीरपुर। महिला बन्दियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और मासिक धर्म संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में जनपद हमीरपुर जिला कारागार में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कारागार में निरुद्ध महिला बन्दियों के उपयोग हेतु सुभाषिनी शिवहरे फाउंडेशन, कानपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई ‘सैनिटरी नैपकिन इन्सीनरेटर एवं वेंडिंग मशीन’ का शुभारम्भ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हमीरपुर की सचिव वन्दना अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर जागरूकता बेहद जरूरी है। कारागार में निरुद्ध महिला बन्दियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ सेनेटरी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके स्वास्थ्य संरक्षण और गरिमामय जीवन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने इस सामाजिक पहल के लिए सुभाषिनी शिवहरे फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में संवेदनशीलता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन की ओर से डॉ० सुभाषिनी खन्ना ने महिला बन्दियों को सैनिटरी नैपकिन इन्सीनरेटर एवं वेंडिंग मशीन के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और व्यक्तिगत साफ-सफाई के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा ने फाउंडेशन द्वारा किए गए इस जनोपयोगी एवं संवेदनशील कार्य के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल महिला बन्दियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने में काफी सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर जेलर प्रभाकान्त पाण्डेय, डिप्टी जेलर देवेन्द्र कुमार दूबे, पवन कुमार सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
