राठ (हमीरपुर)।आज तहसील परिसर में बाल्मीकि समाज के लोगों ने धर्मशाला के लिए भूमि उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है। समाज के लोगों ने एसडीएम अभिमन्यु कुमार को ज्ञापन सौंपा है।
समाज के जिलाध्यक्ष मातादीन ने बताया कि देश की आजादी के बाद से आज तक अनुसूचित जाति के बाल्मीकि समाज को नगर क्षेत्र में धर्मशाला के लिए कोई भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई है। जिसके कारण समाज को विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विवाह, समारोह तथा अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समाज के पास कोई स्थायी स्थान नहीं है। विशेष रूप से बहन-बेटियों के विवाह आदि कार्यक्रम संपन्न कराने में काफी दिक्कतें आती हैं। समाज के लोगों ने प्रशासन से धर्मशाला निर्माण के उचित भूमि उपलब्ध कराई जाने की मांग की है। ज्ञापन के दौरान मनीराम पासवान, चेतराम, लखीचंद, मुन्ना लाल भारती, प्रेमचंद, हरी सिंह आदि मौजूद रहे।
