राठ (हमीरपुर) नगर पालिका राठ की घोर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। कस्बे के चरखारी रोड स्थित मधुवनदास स्कूल के पास मुख्य सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर के नीचे ही सफाई कर्मियों द्वारा कूड़ा डाला जा रहा है। बीच रास्ते में फैलाए जा रहे इस कचरे से जहाँ स्कूली बच्चों और राहगीरों का निकलना दूभर हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी कूड़े की ट्राली लाकर सीधे ट्रांसफार्मर के पास ही खाली कर देते हैं। कूड़ा ट्रांसफार्मर के बिल्कुल नीचे जमा होने के कारण शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से अक्सर कचरे में आग लग जाती है। इस आग की चपेट में आकर कई बार कीमती ट्रांसफार्मर जलकर खाक हो जाते हैं, जिसका खामियाजा सीधे तौर पर विद्युत विभाग को उठाना पड़ता है। मोहल्ले निवासी जितेन्द्र, जन्मेजय, सोनू, विपिन, दिपेन्द्र और यशवर्धन आदि ने बताया कि जब भी वे सफाई कर्मियों को सड़क के बीचों-बीच या ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा डालने से मना करते हैं, तो सफाई कर्मचारी सुधार करने के बजाय उल्टा लड़ने पर उतारू हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत कई बार अधिशासी अधिकारी और सफाई नायक से की है, लेकिन उनके लचर रवैये के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है। मधुवनदास स्कूल के पास कूड़ा डाले जाने से विद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। गंदगी और दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी डर बना हुआ है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस प्रकार एक महिला सफाई कर्मी कूड़ा गाड़ी से कचरा सड़क के किनारे और ट्रांसफार्मर के पास पलट रही है। इस संबंध में जब नगर पालिका ईओ से बात की गई, तो उन्होंने मामले को संज्ञान में लेते हुए कहा कि सफाई कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी जाएगी और कूड़ा डंपिंग के लिए निर्धारित स्थान का ही उपयोग करने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर उचित कार्यवाही करने और जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
