हमीरपुर। क्षेत्र के आर. एन. गुरुकुलम स्कूल में सोमवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम विकास अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख कुरारा आशीष पालीवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह को भव्यता प्रदान की।समारोह के दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। शैक्षणिक, खेलकूद, कला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता के लिए परिश्रम, अनुशासन और समर्पण आवश्यक है, और छात्र यदि निरंतर प्रयास करते रहें तो वे निश्चित ही अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं।विद्यालय के मैनेजर कृष्ण कुमार गुप्ता ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए छात्रों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य सचिन यादव ने सभी छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देने के लिए भी प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम में अभिभावकों की भी अच्छी उपस्थिति रही। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
