राठ (हमीरपुर)। नगर में सर्वजन सनातन पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लखनऊ की कोचिंग में हुए भीषण अग्निकांड में दिवंगत बच्चों की स्मृति में कैंडल मार्च निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान घटना की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई गई।
कैंडल मार्च अंबेडकर चौराहे से शुरू होकर गायत्री मंदिर तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व पार्टी की जिला अध्यक्ष अलका द्विवेदी ने किया। अलका द्विवेदी ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए और यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।मार्च में जिला उपाध्यक्ष रविकरण चिल्ली, सुरेश राजपूत, अनिल चौधरी, अनीता शुक्ला, पूर्व प्रधान कपूरी गुप्ता, उषा व्यास, लक्ष्मण त्रिपाठी, चंद्रशेखर मिश्रा, सुख सिंह, अनीश त्रिपाठी, कुलदीप सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बच्चों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
