Spread the love

राठ (हमीरपुर)। जलालपुर रोड स्थित विद्युत उपखंड केंद्र राठ के अधिशाषी अभियंता कार्यालय में सरकार के स्वच्छ भारत मिशन को ठेंगा दिखाया जा रहा है। कार्यालय परिसर के भीतर व्याप्त गंदगी और दीवारों पर गुटखे की पीक ने सरकारी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।
हैरानी की बात यह है कि कार्यालय में तैनात कर्मचारी और आने वाले उपभोक्ता खुद ही इस गंदगी के मुख्य कारक बने हुए हैं। कार्यालय के अंदर जगह-जगह गुटखा खाकर थूका गया है, जिससे दीवारों और कोनों की रंगत बिगड़ चुकी है। तैनात कर्मचारी खुलेआम मुंह में गुटखा दबाए नजर आते हैं और बेखौफ होकर कार्यालय के भीतर ही गंदगी फैला रहे हैं।
जहाँ एक ओर सरकार स्वच्छता के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं इस कार्यालय का नजारा इसके बिल्कुल विपरीत है। कार्यालय के भीतर फैली गंदगी न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह सरकारी कार्य संस्कृति पर भी गंभीर सवालिया निशान खड़े करती है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जब अधिशाषी अभियंता रमेश चंद्र से बात की गई, उन्होंने कहा की
कार्यालय परिसर की जल्द ही पूरी तरह साफ-सफाई कराई जाएगी। ड्यूटी के दौरान गुटखा खाने और कार्यालय में थूकने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। अब देखना यह होगा कि साहब की यह चेतावनी केवल कागजों तक सीमित रहती है या धरातल पर भी इस सरकारी दफ्तर की सूरत बदलती है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *