राठ हमीरपुर – भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के पहली बार राठ नगर आगमन पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। नगर में कई स्थानों पर स्वागत मंच बनाए गए और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया। महोबा जिले के पनवाड़ी से राठ पहुंचे क्षेत्रीय अध्यक्ष का नगर सीमा पर क्षेत्रीय विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला स्वामी ब्रह्मानंद महाविद्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने स्वामी ब्रह्मानंद की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने नगर पालिका परिषद कार्यालय में स्व. गणेशीलाल बुधौलिया तथा रानी लक्ष्मीबाई तिराहे पर पंडित परमानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रामलीला मैदान में विधायक मनीषा अनुरागी ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया तथा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान बुलडोजरों के माध्यम से विशाल माला पहनाकर और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता और नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ‘खुल्ले’ के नेतृत्व में व्यापारियों ने स्वागत किया। वहीं साहू समाज के जिलाध्यक्ष विकास साहू ‘बल्लू’ के नेतृत्व में समाज के लोगों ने भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीनिवास बुधौलिया, नगर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र गांधी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
