Spread the love

राठ हमीरपुर – मझगवां थाना क्षेत्र के कोठा गांव की करीब 50 महिलाओं ने मंगलवार को राठ तहसील पहुंचकर देसी शराब के ठेके को हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि ठेके के कारण गांव का माहौल बिगड़ रहा है और परिवारों की आर्थिक व सामाजिक स्थिति प्रभावित हो रही है। महिलाओं का कहना था कि उनके पति, पुत्र और परिवार के अन्य सदस्य शराब के नशे में घर लौटकर महिलाओं व बच्चों के साथ मारपीट करते हैं। साथ ही अपनी अधिकांश कमाई शराब पर खर्च कर देते हैं, जिससे कई परिवार आर्थिक तंगी और भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि गांव में संचालित शराब की दुकान अवैध रूप से चल रही है, उसका स्टॉक आबादी के बीच रखा जाता है और क्षेत्र में चौबीसों घंटे शराब की बिक्री की जाती है। उन्होंने ठेका हटाकर गांव का माहौल सुधारने की मांग की। प्रदर्शन में सीतारानी, महेशरानी, कुसमारानी, पनिया, लाडली, जमनी, उषारानी, कमलेश, ममतारानी, प्रमोदरानी, चंदारानी, रूपरानी, तारारानी, श्यामबाई, राधारानी, आशादेवी, रामकुमारी, राजकुमारी, प्रभारानी और अन्सुइया सहित कई महिलाएं शामिल रहीं। विनय मास्टर भी उनके साथ मौजूद रहे।उपजिलाधिकारी ने बताया कि महिलाओं का ज्ञापन प्राप्त हो गया है। मामले को संज्ञान में लेकर नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *