हमीरपुर | मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव ‘रामनवमी’ के पावन अवसर पर नगर कुरारा में श्रद्धा और उल्लास का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा कस्बा राममय हो गया। श्री रामनवमी महोत्सव समिति कुरारा के तत्वाधान में आयोजित इस भव्य शोभायात्रा ने दिव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित किए। केसरिया ध्वजों और फूल-मालाओं से सजे नगर की गलियों में जब प्रभु राम का रथ निकला, तो हर आँख निहाल हो उठी शोभायात्रा में शामिल नैनाभिराम झांकियों ने जीवंतता का अहसास कराया। विशेष रूप से गोरिल्ला कॉस्ट्यूम और विभिन्न प्रकार की बहरूपिया पार्टियों ने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का मन मोह लिया। डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और घोड़ों की शानदार चाल पर नगर के भक्तजन जमकर थिरके। भक्ति और उत्साह का यह संगम देखते ही बन रहा था यह दिव्य यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई प्रसिद्ध बड़े देव बाबा मंदिर पहुँची। पूरे रास्ते में नगरवासियों ने पलक-पावड़े बिछाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्प वर्षा की गई और भक्तों के लिए जलपान व शरबत की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर पहुँचने पर विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए शोभायात्रा को भव्य स्वरूप देने के लिए सुशील सोनी, सुभाष पाण्डेय और बृजेश गौर के नेतृत्व में पूरी रामनवमी महोत्सव समिति पिछले कई दिनों से रात-दिन तैयारियों में जुटी थी। नगर को झंडों और वंदनवारों से दुल्हन की तरह सजाया गया था, जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है इस धार्मिक उत्सव में राजनीति और समाजसेवा से जुड़े कई दिग्गजों ने शिरकत की। नगर पंचायत अध्यक्ष कुरारा आशारानी कबीर, ब्लॉक प्रमुख आशीष पालीवाल, और नगर पालिका अध्यक्ष हमीरपुर कुलदीप निषाद सहित कई बाहर से आए अतिथियों और गणमान्य जनों ने प्रभु राम के चरणों में माथा टेका। इस दौरान भारी संख्या में क्षेत्रवासी और नगरवासी मौजूद रहे, जिससे कुरारा की सड़कों पर केवल जनसैलाब ही नजर आया।
