Spread the love

मुस्करा हमीरपुर | बिजली विभाग की घोर लापरवाही और सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर किए जा रहे काम ने सोमवार को एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। कस्बा मुस्करा के बाहर पेड़ की डाल काटने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें बाइक से जा रही एक बुजुर्ग महिला के ऊपर भारी-भरकम डाल गिर गई। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक महिला के बेटे ने कोतवाली मुस्करा में बिजली विभाग के अवर अभियंता और उनके कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पहाड़ी भिटारी थाना मुस्करा निवासी श्रीप्रकाश पुत्र रामगोपाल सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे अपनी मां कौशिल्या (पत्नी रामगोपाल) को बाइक पर लेकर मुस्करा कस्बे से अपने गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे कस्बा मुस्करा के बाहर ‘बैजनाथ अग्रवाल विद्यालय’ के पास पहुंचे, वहां पहले से ही बिजली विभाग का काम चल रहा था तहरीर के अनुसार, मौके पर विद्युत विभाग उपखंड मुस्करा के अवर अभियंता और उनके चार कर्मचारी सुभाष विश्वकर्मा पुत्र गयाप्रसाद, महेश प्रजापति, शिवकुमार पुत्रगण राजा प्रजापति और जयकरन पाल निवासी ग्राम बिहूनी खुर्द सड़क के किनारे खड़े पेड़ों की डालियां कटवा रहे थे।
आरोप है कि व्यस्त सड़क होने के बावजूद बिजली विभाग ने वहां न तो कोई सुरक्षा घेरा (बैरीकेडिंग) बनाया था और न ही राहगीरों को रोकने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया था। जैसे ही श्रीप्रकाश अपनी मां को लेकर वहां से गुजरे, तभी लापरवाही से काटी जा रही एक भारी डाल सीधे उनकी मां कौशिल्या के ऊपर आ गिरी डाल गिरने से बुजुर्ग महिला कौशिल्या को सिर और शरीर पर बेहद गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं। बदहवास बेटा स्थानीय लोगों की मदद से अपनी मां को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा लेकर भागा। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी अस्पताल में डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मां की मौत की खबर सुनते ही बेटे श्रीप्रकाश और परिजनों में कोहराम मच गया घटना के बाद से मृतक के गांव पहाड़ी भिटारी और मुस्करा कस्बे के लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बिजली विभाग बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह के जोखिम भरे काम आबादी वाले इलाकों और मुख्य सड़कों पर करता है, जिससे हमेशा हादसों का डर बना रहता है। पीड़ित बेटे श्रीप्रकाश ने कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत देकर सभी दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने की गुहार लगाई है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *