हमीरपुर – मौदहा ब्लॉक स्तरीय ‘स्कूल चलो अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को मौदहा क्षेत्र में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली बीआरसी परिसर से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें शिक्षक, छात्र व स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
रैली के दौरान “एक भी बच्चा छूट गया, संकल्प हमारा टूट गया” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि लालाराम निषाद रहे। खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कुमार ने अभिभावकों से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने व नियमित स्कूल भेजने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में बीआरसी परिसर में बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं। आयोजन में शिक्षा विभाग के कई शिक्षकों व कर्मचारियों ने सहयोग किया।
