हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है।
घटना मुस्करा-खरेला मार्ग पर ऐझी गांव के पास की है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के विभिन्न गांवों के ग्रामीण एक ऑटो में सवार होकर मुस्करा से खरेला की ओर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक अज्ञात बोलेरो ने लापरवाही से कट मार दिया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया तथा 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा पहुंचाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्करा में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर शिवजी गुप्ता ने बताया कि चंद्रप्रभा (40 वर्ष), देवेंद्र (47 वर्ष) निवासी गहरौली और मीरा (44 वर्ष) निवासी अलरा गौरा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है।
वहीं चौथे घायल सुधीर (30 वर्ष) निवासी अलरा गौरा को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
