हमीरपुर। जनपद के किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 20 मई 2026 को तहसील राठ में किसान दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा।जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।किसान दिवस में कृषि, पशुपालन, सिंचाई, उद्यान, सहकारिता, विद्युत, मत्स्य और बैंकिंग सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी किसानों को दी जाएगी। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिक आधुनिक खेती, उन्नत बीज, फसल संरक्षण, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि उपकरणों के उपयोग से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के दौरान किसानों की आय बढ़ाने और कृषि उत्पादन में वृद्धि के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक किसानों से किसान दिवस में प्रतिभाग करने की अपील की है, ताकि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी कृषि को अधिक लाभकारी बना सकें।
