Spread the love

हमीरपुर। जनपद के जिलाधिकारी अशोक कुमार ने जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेने के उद्देश्य से मौदहा-जलालपुर-कुपरा मार्ग तथा बिवार पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण कार्य की तकनीकी गुणवत्ता की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौदहा-जलालपुर-कुपरा मार्ग पर किलोमीटर 18.7 के पास सड़क की खुदाई कराकर उसकी चौड़ाई एवं विभिन्न परतों की मोटाई की जांच कराई। इस मार्ग की कुल लंबाई 19.6 किलोमीटर है, जिसमें किलोमीटर 15.0 से 19.6 तक 5.6 किलोमीटर हिस्से में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सड़क की निर्धारित चौड़ाई 7 मीटर के सापेक्ष मौके पर माप सही पाई गई। इसी प्रकार सड़क की ऊपरी बिटुमिनस कंक्रीट (BC) परत की निर्धारित मोटाई 3 सेंटीमीटर के सापेक्ष 4 सेंटीमीटर तथा ग्रैनुलर क्रस्ट एवं डेंस बिटुमिनस मैकडम (DBM) की कुल निर्धारित मोटाई 47 सेंटीमीटर के सापेक्ष 51 सेंटीमीटर पाई गई। कंक्रीट में एक्सपेंशन ज्वाइंट के पास भी निर्धारित 29 सेंटीमीटर के सापेक्ष 30.5 सेंटीमीटर मोटाई मिली। वर्तमान में मार्ग पर बिटुमिनस कंक्रीट (BC) का कार्य कराया जा रहा है।जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद में निर्मित होने वाली सभी सड़कों का निर्माण निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ कराया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उमरी तिराहा (बिवार) के पास आवश्यकतानुसार पुलिया निर्माण कराने के संबंध में भी संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए।नमामि गंगे योजना के अंतर्गत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइनों के संबंध में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य व्यवस्थित ढंग से कराया जाए, ताकि भविष्य में सड़क क्षतिग्रस्त न हो तथा पेयजल आपूर्ति भी निर्बाध बनी रहे।इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बिवार पेयजल योजना परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जल की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच कराने पर जोर दिया। टंकी की अंतिम सफाई जनवरी 2026 में कराए जाने की जानकारी पर उन्होंने निर्देश दिए कि पेयजल टंकी की नियमित अंतराल पर सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग अरुण कुमार, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह, अवर अभियंता अनूप निरंजन, अवर अभियंता मुन्नी लाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed