राठ (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के धनोरी गांव के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया मुस्करा थाना क्षेत्र के बंडवा गांव स्थित श्रीरामपुर डेरा निवासी सर्वेश पुत्र मथुरा अपने भतीजे अरविंद पुत्र करन सिंह के साथ महोबा जनपद के कुनहटा गांव अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। मृतक सर्वेश के भाई मुन्ना के मुताबिक, धनोरी गांव के पास राठ की ओर से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सर्वेश और अरविंद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में कार सवार पांच लोग भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत ठीक बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया कि सर्वेश पांच भाइयों में सबसे बड़े थे, जबकि अरविंद छह भाइयों में से एक थे। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।