मौदहा, हमीरपुर। निपुण भारत मिशन अंतर्गत ब्लॉक संसाधन केंद्र में आयोजित बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान शिक्षक प्रशिक्षण का अंतिम फेरा गुरूवार को सम्पन्न हुआ । इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में प्रभावी, गतिविधि आधारित एवं बाल-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के विकास, बच्चों में पढ़ने-लिखने की समझ विकसित करने, गणितीय अवधारणाओं को सरल एवं रोचक तरीके से सिखाने, शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग तथा बच्चों के सतत आकलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा एवं गतिविधियाँ आयोजित की गईं। प्रशिक्षण में संदर्भदाता टीम द्वारा विभिन्न शिक्षण गतिविधियों, प्रदर्शन सत्रों एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा शिक्षण को अधिक रुचिकर, सरल और प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, प्रत्येक बच्चे की सीखने की प्रगति पर ध्यान देने तथा सीखने में पीछे रह रहे बच्चों को अतिरिक्त सहयोग प्रदान करने पर विशेष बल दिया गया इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुशील कमल के मार्गदर्शन एवं सहयोग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में सुनील कुमार सोनी, महेंद्र सिंह, सुनील कुमार, पंकज कुमार एवं आलोक रंजन सहित संबंधित टीम ने अपनी भूमिका निभाई।