राठ (हमीरपुर)। भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं गोहांड ब्लॉक प्रमुख अरविंद मुखिया के गृह जनपद हमीरपुर में प्रथम आगमन पर बुधवार को कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कानपुर से हमीरपुर तक पहुंचने के दौरान कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राठ पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत कर जोरदार अभिनंदन किया। अरविंद मुखिया के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पहले से तैयारियां कर रखी थीं। उनके काफिले के हमीरपुर पहुंचने पर जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यालय के अलावा पोथियां, छानी, बिवार, चिल्ली और मुस्करा समेत कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। राठ नगर पहुंचने के बाद अरविंद मुखिया भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों के साथ स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज की समाधि स्थल पहुंचे। उन्होंने समाधि पर माथा टेककर आशीर्वाद लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पत्रकारों से वार्ता में अरविंद मुखिया ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे गुंडों और दंगाइयों की सरकार बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में एक बार फिर सरकार बनाएगी। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है। सरकार की योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता भी लगातार प्रयास कर रहे हैं। भाजपा नेता सुनील नगायच ने अरविंद मुखिया को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जाति-पात से ऊपर उठकर पार्टी और जनता के लिए काम किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह संगठन को और मजबूत करते हुए नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे।
हमीरपुर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने कहा कि अरविंद मुखिया के प्रथम आगमन से कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं और बुंदेलखंड की सभी 52 सीटों पर पार्टी की जीत का लक्ष्य लेकर काम किया जा रहा है। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, राठ नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीनिवास बुधौलिया, राठ विधायक प्रतिनिधि भरत अनुरागी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख दृगपाल राजपूत, जराखर ग्राम प्रधान कमलेश राजपूत, महेंद्र शुक्ला, सुरेश खेबरिया, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष ब्रजेश गुप्ता, उमाकांत राजपूत, इंजीनियर विजय, ब्रजेंद्र राजपूत, चंद्रशेखर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
