Spread the love

हमीरपुर। दिल्ली के साकेत थाना क्षेत्र में स्वतंत्र महिला पत्रकार शाहीन खान और नफीसा खान के साथ कथित मारपीट व दुर्व्यवहार के मामले को लेकर हमीरपुर के पत्रकारों में आक्रोश है। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के जिलाध्यक्ष कपिल देव यादव के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।ज्ञापन में बताया गया कि दोनों महिला पत्रकार साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में नए विंग के उद्घाटन कार्यक्रम की कवरेज कर रही थीं। आरोप है कि कवरेज के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, कथित रूप से घसीटकर पुलिस वाहन में बैठाया और थाने ले गए। इसके बाद थाने में भी दोनों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को गलत और भ्रामक बताते हुए अपना अलग पक्ष रखा है। जिलाध्यक्ष कपिल देव यादव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उन्हें भयमुक्त माहौल में काम करने का अधिकार मिलना चाहिए। संगठन ने राष्ट्रपति से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कानूनी कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान सुमित सिंह, नितिन यादव, सुजीत कुमार, कुलदीप कुमार, धीरेन्द्र कुमार, लवलेश यादव, मधुर मेहर निगम और मुन्ना विश्वकर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *