हमीरपुर। जनपद के सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिरखेरा में विकास कार्य को गति देते हुए सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने मुंडेरा रोड से बिरखेरा मार्ग के करोंड़न नाला पर लघु सेतु और पहुँच मार्ग के निर्माण का मंत्रोच्चारण के साथ भूमि पूजन किया।लोक निर्माण विभाग द्वारा संचालित इस परियोजना की कुल लंबाई 1.917 किलोमीटर है, जिसका निर्माण 417.27 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इस शिलान्यास के साथ ही क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है।
इस दौरान ग्रामीणों को विधायक डॉ. मनोज प्रजापति ने संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व जनता से किया गया अपना वादा आज पूरा कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मार्ग और सेतु के बन जाने से बिरखेरा, कैथी, मौहर और अतरैया जैसे दर्जनों गांवों का संपर्क सीधे सुमेरपुर टोला मार्ग से हो जाएगा। विधायक ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप हर गांव को पक्के मार्ग से जोड़ने के संकल्प के तहत यह सौगात ग्रामीणों को समर्पित की गई है, जिससे उनके दैनिक आवागमन की बाधाएं दूर होंगी।भूमि पूजन के इस विशेष कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान अशोक कुमार यादव, रामसूरत सिंह, अजय साहू और सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सिंह सहित लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सत्यपाल सिंह व अवर अभियंता नंदकिशोर स्वर्णकार एवं तौकीर रहमानी मौजूद रहे।साथ ही निर्माण कार्य कराने वाली संस्था तोमर कंस्ट्रक्शन के प्रतिनिधि इंजीनियर बबलू भी उपस्थित रहे, जिन्हें कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
