Spread the love

राठ (हमीरपुर)। तहसील राठ में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के उपरांत जिलाधिकारी अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, राठ में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं के साथ सीधा छात्र संवाद किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं, शैक्षिक आवश्यकताओं, करियर संबंधी चिंताओं तथा सामाजिक विषयों से जुड़े प्रश्नों को सुना और सहज संवाद के माध्यम से उनका समाधान किया छात्र संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, विभिन्न करियर विकल्पों, लक्ष्य निर्धारण तथा भविष्य की पढ़ाई से संबंधित अनेक प्रश्न अधिकारियों के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के मन में उठने वाले प्रश्नों का सही समय पर समाधान और उचित मार्गदर्शन उनके व्यक्तित्व एवं भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अत्यंत जागरूक, प्रतिभाशाली एवं नई संभावनाओं के प्रति सजग है। विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता एवं अभिरुचि के अनुरूप सही दिशा प्रदान करना आवश्यक है। शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, शैक्षिक विद्यार्थियों को जीवन में सही निर्णय लेने, चुनौतियों का सामना करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सक्षम बनाना भी है करियर काउंसलिंग को मिलेगा बढ़ावा, शिक्षक और अधिकारी निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में शिक्षकों एवं प्रधानाचार्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षक विद्यार्थियों की क्षमताओं एवं रुचियों को बेहतर ढंग से समझते हैं, इसलिए उन्हें शैक्षिक मार्गदर्शन के साथ-साथ करियर संबंधी परामर्श देने के लिए और अधिक सक्षम बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिक्षकों को करियर काउंसलिंग एवं विद्यार्थियों के उचित मार्गदर्शन के लिए प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है उन्होंने कहा कि प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी विद्यालयों में विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनके मार्गदर्शन में सहभागी बनेंगे। एसडीएम, सीओ सहित अन्य अधिकारी समय-समय पर विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे, उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को समझेंगे तथा उन्हें शिक्षा, करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं व्यक्तित्व विकास के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासन, सकारात्मक सोच, मेहनत एवं लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास होने वाली गतिविधियों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच उचित माध्यम से अपनी बात रखने का संदेश दिया जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा विद्यार्थियों के बीच सहज एवं आत्मीय वातावरण में किए गए संवाद से छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता पहचानकर लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर मेहनत एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी एवं शिक्षकगण, जिला विद्यालय निरीक्षक, स्थानीय अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा जनपद के विभिन्न मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन द्वारा जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं के साथ इस प्रकार के संवाद को उनके शैक्षिक एवं व्यक्तित्व विकास की दिशा में अत्यंत उपयोगी पहल बताया गया।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *