मुस्कुरा हमीरपुर। मुस्करा विकासखंड के जल्ला गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय का गुरुवार को बीडीओ राजीव कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। करीब साढ़े दस बजे स्कूल पहुंचे बीडीओ ने कक्षाओं में जाकर बच्चों की शैक्षिक जानकारी परखी। उन्होंने बच्चों से पहाड़े, जोड़, गुणा और भाग के सवाल पूछे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में तैयार हो रहे मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता जांचने के लिए बीडीओ ने स्वयं भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार होने की जानकारी ली। इसके बाद विद्यालय परिसर में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और ग्राम सचिव आशीष कुमार को सफाई कर्मियों को भेजकर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी उन्होंने निरीक्षण किया। यहां बच्चों का वजन कर उनके शारीरिक विकास की स्थिति परखी गई। करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के बाद बीडीओ वापस लौट गए।
बीडीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित मिले। एमडीएम भी निर्धारित मेन्यू के अनुसार तैयार किया गया था। हालांकि, विद्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली, जिस पर ग्राम सचिव को सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
