राठ (हमीरपुर)। कस्बे के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को 37वीं प्रांतीय खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि एमएलसी जितेंद्र सेंगर तथा विशिष्ट अतिथि एसडीएम चित्रा निर्वाल और सीओ राजीव प्रताप सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
एमएलसी जितेंद्र सेंगर ने कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। हार-जीत प्रतियोगिता का हिस्सा है और खिलाड़ियों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रयास करना चाहिए। एसडीएम चित्रा निर्वाल ने कहा कि खेलों से छात्र-छात्राओं का मानसिक और शारीरिक विकास होता है तथा इससे विद्यार्थी स्वस्थ और अनुशासित बनते हैं।
खो-खो प्रतियोगिता के अंडर-11 बालक वर्ग में फतेहपुर की टीम विजेता और राठ टीम उपविजेता रही। अंडर-14 बालिका वर्ग में राठ की टीम ने खिताब अपने नाम किया। अंडर-14 बालक वर्ग में राठ और उरई की टीमों ने फाइनल में प्रवेश किया। जबकि अंडर-17 वर्ग में उरई की टीम विजेता बनी। कबड्डी प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में झांसी और फतेहपुर की टीमें फाइनल में पहुंचीं। अंडर-17 वर्ग में फतेहपुर और महोबा ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। अंडर-19 वर्ग में राठ की टीम ने कर्बी को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस अवसर पर संगठन मंत्री रजनीश, प्रदेश निरीक्षक अयोध्या प्रसाद, प्रबंधक केजी अग्रवाल, अध्यक्ष डॉ. हरीओम नगाइच, कोषाध्यक्ष प्रमोद सिंह तोमर, श्याम सुंदर मुखिया, प्रधानाचार्य अखिलेश तिवारी एवं मीडिया प्रभारी जगतराम तिवारी मौजूद रहे।
