हमीरपुर। ललपुरा थाना क्षेत्र के बजेहटा गांव में सफाई व्यवस्था की शिकायत करना ग्रामीणों को महंगा पड़ गया। गांव में फैली गंदगी और चोक नालियों की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर किए जाने से नाराज महिला सफाईकर्मी द्वारा ग्रामीणों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है गांव निवासी हर्षित निगम ने बताया कि गांव में जगह-जगह गंदगी फैली हुई है तथा नालियां चोक होने से बजबजा रही हैं। उनके घर के सामने से निकली सार्वजनिक नाली पूरी तरह बंद है, जिससे गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है हर्षित के अनुसार, दो दिन पूर्व उनके पड़ोसी चंदन सिंह ने गांव की सफाई व्यवस्था और चोक नालियों की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी शिकायत से नाराज होकर महिला सफाईकर्मी जयदेवी रविवार सुबह करीब 10 बजे चंदन सिंह के घर पहुंच गई और उनसे गाली-गलौज करते हुए धमकाने लगी शोर-शराबा सुनकर जब हर्षित निगम घर से बाहर आए तो महिला सफाईकर्मी उनसे भी उलझ गई आरोप है कि उसने चंदन सिंह के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारने के लिए चप्पल तक उतार ली। इस दौरान मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत का समाधान करने के बजाय शिकायतकर्ताओं को धमकाया जा रहा है। वहीं, आरोप है कि महिला सफाईकर्मी ने बाद में उल्टा चंदन सिंह के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत भी दे दी मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
