हमीरपुर । जनपदीय पुलिस ने महिला हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक 44 लाख रुपये के बीमा के लालच में पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की साजिश रची। घटना से महज दो से तीन महीने पहले महिला का बीमा कराया गया था। मामले में पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।
29 जुलाई को ललपुरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पुलिस ने जांच शुरू की तो मृतका की पहचान रीता के रूप में हुई। इसके बाद जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से करीब दो से तीन महीने पहले मृतका का 44 लाख रुपये का बीमा कराया गया था। पुलिस का दावा है कि बीमा की रकम हासिल करने की मंशा से पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। ललपुरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति समेत चार वांछित आरोपियों को पटना गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
