Spread the love

हमीरपुर। जिले के चिकासी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डंपर के खलासी की करंट लगने से मौत हो गई। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से डंपर में भीषण आग लग गई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा इच्छौरा-बेंदा मार्ग पर शाम करीब 6 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, जालौन जनपद के कालपी निवासी चालक जितेंद्र का खाली डंपर खराब हो गया था। वह एक मिस्त्री के साथ सड़क किनारे उसकी मरम्मत करा रहा था।
इसी दौरान जालौन के कदौरा निवासी 20 वर्षीय खलासी आशीष डंपर के ऊपर चढ़कर मोबाइल पर बात करने लगा। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही डंपर में आग भड़क उठी और आशीष की मौके पर ही मौत हो गई।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास अफरातफरी मच गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था।
थाना प्रभारी मयंक सिंह चंदेल ने बताया कि खराब हुए खाली डंपर की मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान खलासी डंपर पर चढ़ गया और हाईटेंशन लाइन पर ध्यान न देने के कारण करंट की चपेट में आ गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *