Spread the love

हमीरपुर। जनपद मुख्यालय के कलेक्ट्रेट स्थित डॉ० एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में मा० राज्य मंत्री, जलशक्ति विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में अध्यक्ष जिला पंचायत जयन्ती राजपूत, विधायक राठ मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जनपद में अन्ना पशुओं की समस्या, उर्वरक की उपलब्धता, विकास कार्यों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की गड्ढामुक्ति, राजकीय नलकूपों के संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था, गौशालाओं में गौवंशों के संरक्षण तथा कृषि एवं समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी ली।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए गए कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करते हुए स्थानीय स्तर पर ही बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि “हर घर जल” योजना के अंतर्गत सभी संयोजित घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। गौशालाओं में गौवंशों का समुचित रखरखाव किया जाए तथा कोई भी गौवंश छुट्टा न घूमे। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए महिला अपराधों के विरुद्ध प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर रोक लगाने तथा सभी पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही राजकीय नलकूपों का नियमित संचालन सुनिश्चित कर किसानों की सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर बल दिया।
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि जनसामान्य की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान किया जाए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमीरपुर जनपद अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए जाना जाता है। गत माह राजस्व एवं विकास कार्यों में सीएम डैशबोर्ड पर जनपद को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक, नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) सुरेश कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *