हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में आयोजित राज्य स्तरीय बाढ़ मॉक एक्सरसाइज-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस दौरान बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय क्षमता का परीक्षण किया गया। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं इंसीडेंट कमांडर राकेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित अभ्यास में पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य, अग्निशमन, पीएसी, होमगार्ड, आपदा मित्रों तथा अन्य विभागों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। केसरिया का डेरा क्षेत्र में बाढ़ का पानी प्रवेश करने की काल्पनिक सूचना पर प्रभावित परिवारों की सुरक्षित निकासी और राहत कार्यों का सफल प्रदर्शन किया गया। बेतवा पुल के नीचे एक व्यक्ति के डूबने की काल्पनिक सूचना पर संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर सीपीआर एवं प्राथमिक उपचार दिया तथा फील्ड हॉस्पिटल भेजा। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुछेछा में स्थापित फील्ड हॉस्पिटल में स्वास्थ्य विभाग ने ट्रायेज, उपचार और रेफरल व्यवस्था का प्रदर्शन किया। राहत शिविर में पंजीकरण, भोजन, पेयजल, राहत सामग्री वितरण एवं स्वच्छता प्रबंधन की व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा अस्थायी बाढ़ कैम्प स्कूल तथा पशुपालन विभाग द्वारा पशु राहत एवं चिकित्सा शिविर का संचालन किया गया।
मॉक एक्सरसाइज के दौरान जेसीबी, एम्बुलेंस, जनरेटर, पेयजल टैंकर, ड्रोन सर्विलांस, संचार व्यवस्था और सूचना प्रसारण प्रणाली की कार्यक्षमता भी परखी गई। समापन पर आयोजित डी-ब्रीफिंग सत्र में विभागों की स्थिति रिपोर्ट की समीक्षा कर सुधारात्मक सुझावों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि ऐसे अभ्यास आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत बनाने और वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों, आपदा मित्रों एवं स्वयंसेवकों की सराहना की।
