सुमेरपुर हमीरपुर – मुंडन कार्यक्रम के लिए चित्रकूट जा रहे एक परिवार पर रास्ते में बदमाशों ने हमला कर महिलाओं से मारपीट की और नकदी-जेवर लूट ले गए। घटना में एक महिला की उंगली टूट गई, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पीड़ितों ने पुलिस पर मदद के बजाय धमकाने का आरोप लगाया है। सिसोलर थाना क्षेत्र के किसवाही गांव निवासी रोहित कुमार ने बताया कि वह अपनी बहन सोमवती, चाची राजेश्वरी और अन्य रिश्तेदारों के साथ वैन से चित्रकूट मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। शनिवार रात करीब 11 बजे मुंडेरा गांव के पास कुछ लोगों ने उनका वाहन रुकवा लिया और अचानक हमला बोल दिया।
पीड़ितों के अनुसार हमलावरों ने महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करते हुए जमकर मारपीट की। इस दौरान चाची राजेश्वरी की उंगली टूट गई, जबकि रोहित कुमार के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर रोहित की जेब से 30 हजार रुपये छीन ले गए। वहीं सोमवती ने बताया कि बदमाश उसके पर्स से दो हजार रुपये, गले से सोने का मंगलसूत्र और हार छीनकर फरार हो गए।
पीड़ितों का आरोप है कि सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बजाय उन्हें ही थाने में बंद करने की धमकी दी। रात में थाने पहुंचने पर भी पुलिस ने मदद करने के बजाय सुबह दोनों पक्षों को बुलाकर आने की बात कहकर टाल दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार दहशत में है।
