हमीरपुर – भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव फेडरेशन (पीसीयू) के नवनिर्वाचित उपसभापति बृज किशोर गुप्ता का रविवार को गृह जनपद हमीरपुर पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और यमुना पुल से लेकर जिला कार्यालय तक स्वागत कार्यक्रमों की श्रृंखला चली। यमुना पुल पर भाजपा जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति और राठ विधायक मनीषा अनुरागी के नेतृत्व में जोरदार स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर से ही हजारों कार्यकर्ता यमुना पुल पर जुटने लगे थे। जैसे ही बृज किशोर गुप्ता वहां पहुंचे, पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा।
सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ शहर पहुंचे बृज किशोर गुप्ता ने सबसे पहले सिंघमहेश्वर मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने चौरा देवी मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने एक बार फिर उनका जोरदार स्वागत किया।स्वागत से अभिभूत बृज किशोर गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव फेडरेशन में मिली जिम्मेदारी को वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सहकारिता के माध्यम से किसानों, युवाओं और आमजन को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा। साथ ही उन्होंने संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर रामदेव सिंह, विजय पांडेय, ब्लॉक प्रमुख अरविंद मुखिया, महामंत्री नरवेंद सिंह, मुकेश प्रजापति, उत्तम सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव, राजेश सेंगर, लालाराम निषाद, आशीष गुप्ता, विनय मिश्रा, जिला मंत्री ओमेश सिंह, संध्या वर्मा, सीमा वर्मा, उमा दीक्षित, योगेंद्र दीक्षित, करण साहू, दुर्गेश ओमर, निशु गुप्ता, अंकित गुप्ता, भार्गव मिश्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
