सरीला (हमीरपुर )– जरिया थाना क्षेत्र के ग्राम चंडौत स्थित बेतवा नदी पुल के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया 17 वर्षीय किशोर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनी पुत्र शिवकुमार (उम्र लगभग 17 वर्ष), निवासी ग्राम बमरौली थाना मोठ जनपद झांसी, जालौन के ग्राम इटौरा में एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बुधवार सुबह करीब 7 बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ बेतवा नदी पार कर नहाने गया। बताया गया कि उसे तैरना नहीं आता था। नहाते समय अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही जरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरीला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार में कोहराम मच गया।
