हमीरपुर। मुस्करा थाना क्षेत्र में लापरवाही और अवैध हथियार का खतरनाक संगम देखने को मिला, जहां बारात से लौट रहा युवक अपने ही तमंचे की गोली का शिकार हो गया। ग्राम बंडवा निवासी अरविंद (32), पुत्र राम प्रकाश, अपने छोटे भाई की बारात में शामिल होने महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम किरतपुर गया था। मंगलवार को जब वह वापस लौट रहा था, तभी ग्राम रिवई के आगे रास्ते में शौच के लिए रुका। इसी दौरान उसके पास मौजूद अवैध तमंचा अचानक चल गया और गोली सीधे उसे जा लगी। देखते ही देखते खुशी का माहौल अफरातफरी में बदल गया और अरविंद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद घबराए अरविंद ने तमंचा मौके पर ही फेंक दिया। परिजन उसे आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्करा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही मुस्करा थाना पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है और अवैध हथियार रखने के मामले में कड़ी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी कर रही है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़े करती है कि आखिर अवैध हथियारों पर लगाम कब लगेगी |
