Spread the love

हमीरपुर – जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां यमुना पुल पर दो कारों की टक्कर के बाद हुए विवाद में एक युवक पुल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली और कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित यमुना पुल पर मध्यप्रदेश के छतरपुर निवासी आदित्य जैन की तेज रफ्तार कार की सामने से आ रही ब्रेज़ा कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आदित्य जैन, जो कार में अकेले थे, अचानक पुल से नीचे गिर गए। जिस स्थान पर वह गिरे, वहां पानी नहीं था और नीचे पत्थरीला इलाका होने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली और सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चूंकि घटना स्थल सजेती थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए सजेती पुलिस ने रेस्क्यू कर युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को कार से मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान आदित्य जैन निवासी छतरपुर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-34 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *