Spread the love

हमीरपुर। नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन जिलाधिकारी घनश्याम मीना की उपस्थिति में किया गया।कार्यक्रम में नारी शक्ति की प्रतीक विभिन्न गणमान्य वक्ताओं—सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद, लेक्चरर प्रेरणा सिंह, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष विभा भारती तथा अधिवक्ता शैलजा निगम—द्वारा प्रेस वार्ता को संबोधित किया गया।
प्रेस वार्ता के दौरान नारी सशक्तिकरण से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वक्ताओं ने बताया कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार एवं सुरक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाया जा रहा है।इस अवसर पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, जनपद में संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की गई।सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वंदना अग्रवाल ने नारी शक्ति वंदन विधेयक की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी एवं संतुलित बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से महिलाओं को 33 प्रतिशत भागीदारी प्रदान की जा रही है, जिससे वे अब केवल मतदाता ही नहीं, बल्कि नीति-निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभा सकेंगी।लेक्चरर प्रेरणा सिंह ने कहा कि एक सशक्त नारी ही सशक्त समाज का निर्माण करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अब महिलाएं केवल लाभार्थी नहीं रहेंगी, बल्कि निर्णायक भूमिका में भी होंगी।अधिवक्ता शैलजा निगम ने कहा कि इस पहल से निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी, जिससे उनका समग्र सशक्तिकरण संभव होगा।वहीं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष विभा भारती ने कहा कि महिलाओं की नीति निर्माण में बढ़ती भागीदारी से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।
प्रेस वार्ता के अंत में पत्रकार बंधुओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विस्तार से उत्तर दिया गया तथा अभियान को सफल बनाने हेतु मीडिया के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई। जिलाधिकारी द्वारा समस्त नारी शक्ति एवं पत्रकार बंधुओं का कार्यक्रम में सहभागिता हेतु आभार व्यक्त किया गया।इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी इंद्रपाल सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में महिला शक्ति एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

By AKC NEWS HINDI

AKC NEWS HINDI हमीरपुर का एक विश्वनीय समाचार पोर्टल है जो स्थानीय और राष्ट्रीय खबरे आप तक पहुचाता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *