राठ (हमीरपुर)। आज दोपहर नगर के सबसे व्यस्ततम इलाके स्टेट बैंक तिराहा के पास रखे एक विद्युत ट्रांसफार्मर में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी लपटें देख आसपास की दुकानों के दुकानदार अपनी जान बचाकर भागने लगे। ट्रांसफार्मर मे आग लगने के बाद सड़क के दोनों ओर जाम लग गया और राहगीरों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि पास में लगे सीसीटीवी कैमरे भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह खराब हो गए। हैरानी की बात यह है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी आधे घंटे की देरी से पहुंची, तब तक आग काफी कहर मचा चुकी थी।
विभाग की अनदेखी और लापरवाही
स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी रोष व्याप्त है। कस्बे वासियों का आरोप है कि
भीषण गर्मी के बावजूद विभाग ने ट्रांसफार्मर के जर्जर तारों को नहीं बदला। साथ ही ट्रांसफार्मर के पास पड़े कूड़े-कचरे के ढेर आग में घी का काम कर रहे है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राठ विभाग के अधिकारियों का फोन अक्सर शाम सात बजे के बाद रिसीव नहीं होता है। जिससे किसी भी आपातकालीन स्थिति में संपर्क करना असंभव हो जाता है। वही
नगर वासियों का कहना है कि बिजली विभाग शायद किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। समय रहते अगर ट्रांसफार्मर की सही देख-रेख और कचरे की सफाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ी जनहानि हो सकती है। फिलहाल यह घटना पूरे राठ कोतवाली क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
